मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे समारोह के मुख्य अतिथि, छत्तीसगढ़ी भाषा की सेवा करने वाले पांच साहित्यकारों को मिलेगा सम्मानरायपुर, छत्तीसगढ़ी भाषा, साहित्य और लोक संस्कृति के गौरव को समर्पित राज्य स्तरीय राजभाषा दिवस समारोह 28 नवंबर को राजधानी रायपुर में आयोजित होगा। सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में सुबह 10 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल अध्यक्षता करेंगे। आयोजन छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की ओर से किया जा रहा है।
समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा सहित संस्कृति विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के साथ साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा।
14 साहित्यिक कृतियों का होगा विमोचन
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी साहित्य की 14 पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा। इनमें अरविंद मिश्र की ‘नोहर-छोहर छत्तीसगढ़’, बिसरू राम कुर्रे की ‘माटी के लाल’, गणेश्वर पटेल की ‘आखर अउ अंजोर’, पद्मा साहू की ‘उधारी के सुवासा’, सुमित्रा साहू की ‘छत्तीसगढ़ के गहना-गुरिया परिधान’ और रामकुमार वर्मा की ‘जसगीत झांकी भाग-02’ सहित अन्य कृतियां शामिल हैं। इन पुस्तकों में छत्तीसगढ़ी लोकजीवन, संस्कृति, परंपरा और साहित्य के विविध पहलुओं को स्थान दिया गया है।
पांच साहित्यकार होंगे सम्मानित
छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच साहित्यकारों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इनमें गरियाबंद के मकसूदन राम साहू ‘बरीवाला’, रायगढ़ की सुधा देवांगन, सरगुजा के बतौली निवासी सुदामा राम गुप्ता तथा रायपुर के ईश्वर साहू ‘बंधी’ और गोविंद धनगर शामिल हैं। अतिथियों को छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुरूप ‘मया चिन्हारी’ भी भेंट की जाएगी।
परिचर्चा और कवि सम्मेलन भी होगा
समारोह के दूसरे सत्र में दोपहर 1 से 2 बजे तक ‘पुरखा के सुरता’ विषय पर साहित्यिक परिचर्चा होगी। यह परिचर्चा दिवंगत डॉ. सत्यभामा आडिल को समर्पित रहेगी, जिसमें डॉ. कल्पना मिश्रा और डॉ. रेशमा अंसारी वक्ता के रूप में शामिल होंगी। इसके बाद दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक छत्तीसगढ़ी कवि सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें कवि अपनी रचनाओं के जरिए छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास, लोकजीवन और सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करेंगे।
राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा और सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार ने साहित्यकारों, कवियों, लेखकों और छत्तीसगढ़ी भाषा प्रेमियों से समारोह में शामिल होने की अपील की है। आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ी भाषा की साहित्यिक परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और प्रदेश की भाषायी-सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करना है।