मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ऐतिहासिक गुरुद्वारे में टेका मत्था, अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान बनाने का भी किया ऐलानरायपुर, छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के ऐतिहासिक स्थल गढ़फुलझर को धार्मिक पर्यटन और आध्यात्मिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। इसके साथ ही क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का निर्माण भी कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को बसना विकासखंड के गढ़फुलझर स्थित ऐतिहासिक नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए। उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि के लिए अरदास की तथा शबद कीर्तन का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़ा गढ़फुलझर प्रदेश की अनमोल ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरोहर है।
500 साल पुरानी विरासत को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग पांच शताब्दी पहले गुरु नानक देव जी के इस धरती पर आगमन की स्मृतियां आज भी गढ़फुलझर की पहचान हैं। तत्कालीन राजा भैंना द्वारा पांच एकड़ भूमि दान किए जाने का प्रसंग यहां की श्रद्धा, उदारता और सामाजिक सद्भाव की परंपरा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि गढ़फुलझर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि विभिन्न समाजों की साझा आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।
नानकसागर के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। साथ ही सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान बनाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों से क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे गढ़फुलझर की पहचान एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगी।
गुरु नानक देव जी का संदेश पूरी मानवता के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने प्रेम, करुणा, समानता, परिश्रम और सेवा का संदेश दिया। उनकी शिक्षा ‘सरबत दा भला’ यानी सभी के कल्याण की भावना पर आधारित है। उन्होंने गुरुद्वारों में संचालित लंगर सेवा को सामाजिक समानता और भाईचारे का अनुपम उदाहरण बताया, जहां जाति, धर्म और आर्थिक स्थिति का भेद किए बिना सभी एक साथ बैठकर भोजन करते हैं।
कार्यक्रम में बसना विधायक संपत अग्रवाल ने भी गढ़फुलझर के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं से नानकसागर और गढ़फुलझर के विकास को गति मिलेगी तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।