रायपुर, 27 नवंबर 2026। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर में आयोजित करमा महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिलेवासियों को 71 करोड़ 48 लाख रुपये के 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 54 करोड़ 21 लाख रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन और 17 करोड़ 27 लाख रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करते हुए दूरस्थ क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं भी कीं। इनमें वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन, रघुनाथनगर और बरतीकला में मंगल भवन तथा ग्राम पंचायत महेवा में विद्युत सब स्टेशन का निर्माण शामिल है। इसके अलावा प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर रकसगंडा को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने और वाड्रफनगर के अधूरे नगर वन पार्क का काम पूरा कराने की घोषणा की गई।

लोकार्पित और भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में सड़क निर्माण, सात नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवन तथा राजपुर में एसडीएम कार्यालय और चान्दो में तहसील कार्यालय भवन शामिल हैं। इन कार्यों से क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में कहा कि प्रदेश में 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। जिन किसानों ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचा है, वे भी इस सहायता के पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि धान खरीदी की सुविधा बढ़ाने के लिए इस वर्ष 360 नए केंद्र भी खोले गए हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की पहल पर शुरू किए गए वृद्धजन क्लिनिक का शुभारंभ किया। यहां बुजुर्गों को अलग पंजीयन काउंटर, चिकित्सकीय जांच, विशेषज्ञ परामर्श, फिजियोथेरेपी और आयुष चिकित्सा जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी। इस दौरान आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिला।

कार्यक्रम में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुपोषण दूर करने के लिए ‘बालभोग’ पहल शुरू की गई है, जिसके तहत ग्रामीण महिलाएं रागी, सत्तू और श्रीअन्न से पौष्टिक लड्डू तैयार करती हैं। पोषण सखियां कुपोषित बच्चों को नियमित रूप से इनका सेवन कराती हैं और उनकी प्रगति पर नजर रखती हैं। कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *