रायपुर, 27 नवंबर 2026। राजनांदगांव जिले में धान खरीदी के साथ किसानों के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा जा रहा है। जिला प्रशासन की पहल पर जिले के सभी 122 धान उपार्जन केंद्रों में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर किसानों को धान खरीदी केंद्रों में ही स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा दी जा रही है।

इसी क्रम में गुरुवार को जिले के कन्हारपुरी, कोहका, रतनभाठ और कोलिहापुरी धान उपार्जन केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। इन शिविरों में कुल 83 किसानों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान रक्तचाप, ब्लड शुगर और यूरिन की जांच के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।

स्वास्थ्य जांच के दौरान कोलिहापुरी केंद्र में 30, कोहका में 24, रतनभाठ में 15 और कन्हारपुरी केंद्र में 14 किसानों की जांच की गई। इन शिविरों का लाभ केवल किसानों को ही नहीं, बल्कि उपार्जन केंद्रों में कार्यरत हमालों और समिति के कर्मचारियों को भी मिल रहा है।

खेती-किसानी की व्यस्तता के कारण कई किसान नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते हैं। ऐसे में धान बेचने के लिए केंद्र पहुंचने पर ही स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा मिलने से उनका समय बच रहा है। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान करने में भी मदद मिल रही है। जिला प्रशासन ने किसानों से उपार्जन केंद्रों में आयोजित शिविरों का लाभ उठाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *