हिमाचल प्रदेश के राष्ट्रीय साहसिक शिविर में 6 किलोमीटर की कठिन ट्रेकिंग पूरी कर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान रायपुर, बस्तर के युवा भुवनेश्वर कश्यप ने हिमाचल प्रदेश की चांशल पहाड़ियों में 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जगदलपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवक भुवनेश्वर ने कठिन पर्वतीय परिस्थितियों के बीच यह उपलब्धि हासिल की। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में रीजनल एडवेंचर स्पोर्ट्स सेंटर, हटकोटी में आयोजित 10 दिवसीय साहसिक प्रशिक्षण शिविर में उन्होंने करीब 6 किलोमीटर की पर्वतीय ट्रेकिंग पूरी की। दुर्गम रास्तों और चुनौतीपूर्ण चढ़ाई के बावजूद उन्होंने अपने साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। इस दौरान भुवनेश्वर ने चांशल की पहाड़ियों पर राष्ट्रीय सेवा योजना का बैनर भी प्रदर्शित किया। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय के साथ ही बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ा है। साहसिक गतिविधियों से विकसित हो रहा नेतृत्व शिविर में युवाओं को पर्वतीय ट्रेकिंग, वैली क्रॉसिंग और रस्सियों के सहारे विभिन्न साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही टीम वर्क, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि युवा विपरीत परिस्थितियों में धैर्य और सूझबूझ के साथ निर्णय ले सकें। भुवनेश्वर कश्यप की इस उपलब्धि में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश देवांगन का मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *