धान के रकबे से जुड़ी शिकायतों की कलेक्टर स्वयं करेंगे जांच, PNG कनेक्शन और नागरिक सेवाओं के विस्तार पर भी जोर

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश की प्रमुख शासकीय योजनाओं, विकास परियोजनाओं और नागरिक सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी योजनाओं का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण योजनाओं को कलेक्टर समय-सीमा (टीएल) की बैठकों में शामिल कर नियमित समीक्षा करें।

धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने किसानों के रकबे में कमी से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायत मिलने पर कलेक्टर स्वयं जांच करें और तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं, सिटी गैस वितरण योजना के तहत घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से गैस पहुंचाने के कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने आम नागरिकों को पीएनजी के किफायती, सुरक्षित और सुविधाजनक उपयोग की जानकारी देने तथा शासकीय संस्थानों में भी इसके इस्तेमाल को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने सभी कलेक्टरों को योजना की मासिक समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिन ठेकेदारों ने कार्य पूर्ण कर लिया है, उनका भुगतान समय पर करने और लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। मिशन अमृत 2.0 के अंतर्गत नगरीय क्षेत्रों में जल प्रदाय और सीवेज परियोजनाओं को भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत वन स्वीकृति से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने और प्रस्ताव राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड को भेजने के निर्देश दिए। वहीं, उद्योग विभाग द्वारा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत 25 विभागों के माध्यम से लागू किए जा रहे 700 सुधारों के प्रभाव का नियमित मूल्यांकन करने तथा उद्यमियों तक इनका लाभ पहुंचाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए, ताकि नागरिकों को सरकारी सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और घर बैठे सुविधाएं मिल सकें। बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *