छत्तीसगढ़। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में चंदलीडीह में रामनामी इको टूरिज्म की शुरुआत की गई है। जिला प्रशासन और रामनामी समुदाय के संयुक्त प्रयासों से विकसित इस पर्यटन स्थल का शुभारंभ अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने फीता काटकर किया। खास बात यह रही कि शुभारंभ के पहले ही दिन दो विदेशी पर्यटक यहां पहुंचे और प्राकृतिक सुंदरता के साथ रामनामी संस्कृति को करीब से जाना। चंदलीडीह में पर्यटकों के लिए प्रकृति के बीच कई आकर्षक गतिविधियों की व्यवस्था की गई है। यहां पिकनिक, नौकायन, बांस के बेड़े की सवारी, कायाकिंग, रात्रिकालीन कैंपिंग और सतखंडा पहाड़ की पदयात्रा का आनंद लिया जा सकेगा। प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने और रोमांचक अनुभव प्राप्त करने के इच्छुक पर्यटकों के लिए यह स्थल नया आकर्षण बन सकता है। इस पर्यटन स्थल की खास पहचान यहां की रामनामी संस्कृति और परंपरा है। रामनामी समाज भगवान श्रीराम के प्रति अपनी अटूट आस्था, शरीर पर राम नाम का गोदना गुदवाने, राम नाम अंकित वस्त्र धारण करने और भजन-कीर्तन की अनूठी परंपरा के लिए जाना जाता है। चंदलीडीह आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को इस समुदाय की धार्मिक मान्यताओं, जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य पर्यटन विकास के साथ स्थानीय ग्रामीणों की आजीविका को भी मजबूत करना है। पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। पर्यटकों के ठहरने, खान-पान, नौकायन, गाइड और अन्य सुविधाओं के संचालन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। रामनामी इको टूरिज्म चंदलीडीह को प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक सहभागिता के आधार पर विकसित किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा पर्यटन सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में चंदलीडीह छत्तीसगढ़ के प्रमुख ग्रामीण एवं सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान बना सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *