रायपुर, छत्तीसगढ़ के जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड में पांच वृहद पुलों के निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इन निर्माण कार्यों के लिए राज्य शासन ने कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत इन पुलों का निर्माण कराया जाएगा। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने 6 नवंबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से छत्तीसगढ़ में कुल 167 पुलों के निर्माण को स्वीकृति दी है, जिसमें जशपुर जिले के पांच पुल भी शामिल हैं।
बगीचा विकासखंड में कुल 290 मीटर लंबाई के इन पांच पुलों का निर्माण किया जाएगा। इनमें डंगरी से दरावाकोना मार्ग पर 60 मीटर पुल के लिए 3.56 करोड़ रुपये, जबला से नवापारा मार्ग पर 30 मीटर पुल के लिए 1.83 करोड़ रुपये, कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग पर 60 मीटर पुल के लिए 4.04 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं, बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग पर 80 मीटर पुल के लिए 3.52 करोड़ रुपये तथा कुहापानी से बांसधार मार्ग पर 60 मीटर पुल के लिए 3.07 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन पुलों के निर्माण से बारिश के मौसम में नालों के कारण बाधित होने वाला आवागमन आसान होगा और ग्रामीणों को सालभर बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज, मरीजों को अस्पताल और किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी। साथ ही स्थानीय व्यापार, रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन के अनुसार, सभी निर्माण कार्य निर्धारित स्वीकृत राशि के अंतर्गत कराए जाएंगे। तकनीकी स्वीकृति प्राप्त होने के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। इन पुलों के बनने से जशपुर के दूरस्थ जनजातीय गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने और विकास की मुख्यधारा तक उनकी पहुंच मजबूत करने में मदद मिले