रायपुर, छत्तीसगढ़ की साहित्यिक, सांस्कृतिक और लोक परंपराओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक तीन दिवसीय रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में वरिष्ठ साहित्यकारों की उपस्थिति में उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर का विमोचन किया। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत बेहद समृद्ध है। यहां की लोककथाएं, लोकगीत, भाषाएं, बोलियां और साहित्य प्रदेश की पहचान हैं। रायपुर साहित्य उत्सव के माध्यम से इस विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ नई पीढ़ी को साहित्य और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजन को देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में विशिष्ट पहचान दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी सहित विभिन्न जनजातीय भाषाओं एवं लोक साहित्य के संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन भाषाओं में पीढ़ियों से संचित लोकज्ञान, परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत मौजूद हैं। साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य और लोकभाषाओं को विशेष स्थान देकर इनके संरक्षण और प्रचार-प्रसार को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। ‘युवा भारत’ थीम पर आधारित इस उत्सव में युवा रचनाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और स्थापित साहित्यकारों से संवाद करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में साहित्यिक प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। साहित्य उत्सव युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा को नई दिशा देने के साथ उभरते लेखकों और कवियों को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ साहित्यकारों और रचनाकारों ने पिछले वर्ष आयोजित साहित्य उत्सव के अनुभव साझा किए और आगामी आयोजन को और व्यापक बनाने के लिए सुझाव दिए। उन्होंने साहित्य, कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने की राज्य सरकार की पहल की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता के लिए सहयोग देने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित प्रदेश के अनेक वरिष्ठ साहित्यकार, कवि और गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *