रायपुर, छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर के ग्राम करई स्थित नन्द घरों (आंगनबाड़ी केंद्रों) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
मंत्री ने नन्द घरों में बच्चों के लिए उपलब्ध सीखने के वातावरण और पोषण संबंधी व्यवस्थाओं को करीब से समझा। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर पोषण, शिक्षा और सुरक्षित बचपन उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। नन्द घर बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ माताओं को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर स्थित सचिवालय में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान विभागीय योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। मंत्री ने गुजरात में संचालित योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, गुजरात महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव राकेश शंकर और छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।
यह दौरा दोनों राज्यों के बीच बेहतर कार्यप्रणाली और अनुभव साझा करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गुजरात के नन्द घरों में देखी गई व्यवस्थाओं से छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों को और बेहतर बनाने तथा बच्चों और महिलाओं तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने में मदद मिल सकती है।