रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चरौदा में आयोजित कार्यक्रम में 27 करोड़ 53 लाख 87 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों से क्षेत्र में सिंचाई, सड़क, बिजली और ग्रामीण अधोसंरचना सुविधाओं का विस्तार होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शेड निर्माण एवं पेवर ब्लॉक और ग्राम चरौदा में नवीन मंगल भवन बनाने की घोषणा भी की। साथ ही विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों तक पहुंचने वाली सेवा संवाद यात्रा का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास और किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता है। विकास कार्यों से किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिलेंगी और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क एवं बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश के 18 लाख परिवारों के लिए आवास स्वीकृत करने के निर्णय सहित सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के हित में लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में भी सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और आवास जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने विधायक अनुज शर्मा की पहल पर शुरू हुई सेवा संवाद यात्रा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से धरसींवा के 144 गांवों तक पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं और जरूरतें समझी जाएंगी। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
भूमिपूजन किए गए कार्यों में जल संसाधन विभाग के 13 करोड़ 97 लाख 65 हजार रुपये, लोक निर्माण विभाग के 4 करोड़ 56 लाख 86 हजार रुपये, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 2 करोड़ 20 लाख 19 हजार रुपये तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के 6 करोड़ 79 लाख 17 हजार रुपये के कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से सिंचाई व्यवस्था के विस्तार के साथ ग्रामीण सड़कों, विद्युत आपूर्ति और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुक्तेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। मंदिर परिसर में शेड और पेवर ब्लॉक बनने से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, जबकि नए मंगल भवन से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। कार्यक्रम में पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।