नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ सहित दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज करने के लिए राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। मंत्रियों ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अबूझमाड़ सहित दुर्गम क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। वहीं, वन मंत्री केदार कश्यप ने व्हीबी-जी राम जी योजना के तहत जिले की सभी 112 ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा। इनमें मुक्तिधाम, बालिका शौचालय और अन्य सामुदायिक सुविधाओं का निर्माण शामिल है। पीएम जनमन आवास और मोबाइल नेटवर्क पर जोर बैठक में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत स्वीकृत आवासों की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्रियों ने विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के पात्र परिवारों के अधूरे आवास जल्द पूरे कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दूरस्थ गांवों में मोबाइल टावरों की स्थापना और नेटवर्क विस्तार के शेष कार्यों में तेजी लाने को कहा गया, ताकि ग्रामीणों को डिजिटल और शासकीय सेवाओं का लाभ मिल सके। पर्यटन से जुड़ेंगी स्व-सहायता समूहों की महिलाएं ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित करने के उद्देश्य से स्व-सहायता समूहों को स्थानीय पर्यटन स्थलों और जलप्रपातों से जोड़ने पर चर्चा हुई। वन मंत्री ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को इस दिशा में जरूरी पहल करने के निर्देश दिए। इसके अलावा धान खरीदी केंद्रों में किसानों को धान विक्रय प्रक्रिया के साथ आदान सहायता योजना की जानकारी देने और योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने को कहा गया। दूरस्थ क्षेत्रों में चल रहीं 34 प्राथमिक शालाएं बैठक में कलेक्टर ने जिले में संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि डीएफ फंड के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में 34 प्राथमिक शालाएं संचालित की जा रही हैं। इससे वहां के बच्चों को शिक्षा की सुविधा मिल रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को पोषण लड्डू भी वितरित किए जा रहे हैं। समीक्षा बैठक में मंत्रियों ने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को गुणवत्ता के साथ कार्य समय पर पूरे करने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *