बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को बिलासपुर प्रवास के दौरान ग्राम सेंदरी स्थित धान उपार्जन केंद्र में विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा कर स्वयं धान तौला। किसानों ने धान से मुख्यमंत्री का तुलादान कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। किसानों को सुविधा देने के उद्देश्य से प्रदेश में 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं, जिससे अब खरीदी केंद्रों की कुल संख्या लगभग 3100 हो गई है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। उन्होंने बताया कि यदि कोई किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल के समतुल्य सहायता राशि भी दी जाएगी। इस तरह सत्यापित रकबे के आधार पर पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी निर्धारित आदान सहायता मिलेगी।

सेंदरी सेवा सहकारी समिति में खरीदी के पहले दिन तीन किसानों से कुल 52 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया। इनमें खेमचरण पटेल से 24.80 क्विंटल, संदीप ध्रुव से 20.80 क्विंटल और संजय यादव से 6.40 क्विंटल धान खरीदा गया। तीनों किसान मोटा सरना किस्म का धान लेकर केंद्र पहुंचे थे। इस समिति से सेंदरी सहित रमतला, कछार, गतौरी, अमतरा और नवगंवा के कुल 1,149 किसान सदस्य जुड़े हुए हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और सुशांत शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *