रायपुर। महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त का भुगतान 8 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इस किस्त में ई-केवाईसी पूरा कर चुके 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों के खातों में डीबीटी के जरिए 632 करोड़ 40 लाख 4 हजार 250 रुपये की राशि भेजी जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 32वीं किस्त की राशि जारी करेंगे। योजना के तहत महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ सामाजिक सशक्तिकरण और कुपोषण व एनीमिया की रोकथाम में मदद करना है।
महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को हुई थी। योजना शुरू होने के बाद अब तक 31 किस्तों में 20,075.71 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है। 32वीं किस्त के भुगतान के बाद योजना के तहत वितरित कुल राशि बढ़कर 20,708.11 करोड़ रुपये हो जाएगी।
अक्टूबर की 32वीं किस्त के लिए वर्तमान में कुल 68 लाख 52 हजार 661 हितग्राही पात्र हैं। इनमें 67 लाख 31 हजार 314 हितग्राही तथा नियद नेल्लानार क्षेत्र के 6,903 हितग्राहियों को मिलाकर कुल 67 लाख 38 हजार 217 महिलाओं के लिए भुगतान अनुमोदित किया गया है।