बिलासपुर, बिलासपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम ई-बस सेवा के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने सख्ती दिखाई। उन्होंने सकरी स्थित पीएम आवास और कोनी में बन रहे ई-बस टर्मिनल व चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। पीएम आवास में टाइल्स और फिनिशिंग का काम अधूरा मिलने पर उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कमियां दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही 15 दिन बाद दोबारा प्रगति की समीक्षा करने की बात कही।
सकरी में करीब 11.75 करोड़ रुपये की लागत से 261 आवास तैयार किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान कुछ आवासों में फर्श पर टाइल्स नहीं लगी थीं और फिनिशिंग का काम भी पूरा नहीं हुआ था। प्रमुख सचिव ने निर्माण एजेंसी और निगम के इंजीनियरों से काम में देरी की वजह पूछी और शेष काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने किचन, प्लेटफॉर्म के आकार और निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता की भी जानकारी ली।
प्रमुख सचिव ने आवासीय परिसर में बाउंड्रीवाल के लिए प्रस्ताव तैयार करने के साथ साफ-सफाई बेहतर रखने के निर्देश दिए। परिसर में लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां और बच्चों के लिए खेल क्षेत्र विकसित करने को भी कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाकी काम में तेजी लाई जाए और तय समय में सभी कमियां दूर हों।
12 रूट पर चलेंगी 50 एसी ई-बसें
इसके बाद सोनमणि बोरा ने कोनी स्थित सिटी बस डिपो में पीएम ई-बस सेवा के तहत बन रहे टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। बस स्टॉप को व्यवस्थित करने और डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को बसों के रूट और समय की जानकारी आसानी से मिल सके।
पीएम ई-बस सेवा के तहत बिलासपुर में 50 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना है। इनमें 9 मीटर लंबी 35 बसें और 7 मीटर की 15 बसें शामिल होंगी। इनका संचालन शहर के 12 अलग-अलग मार्गों पर किया जाएगा। रूट तय करते समय स्कूल-कॉलेज, औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्रों के साथ पर्यटन स्थलों तथा हाईकोर्ट तक कनेक्टिविटी का ध्यान रखा जा रहा है।
ई-बस टर्मिनल का 70 फीसदी सिविल काम पूरा
ई-बस संचालन के लिए कोनी सिटी बस डिपो में टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए 11.45 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं। इसमें सिविल निर्माण के लिए 8.37 करोड़, सब-स्टेशन के लिए 1.59 करोड़ और हाईटेंशन बिजली कनेक्शन के लिए 1.49 करोड़ रुपये का प्रावधान है।
अधिकारियों के मुताबिक टर्मिनल की सिविल अधोसंरचना का करीब 70 प्रतिशत और सब-स्टेशन का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। हाईटेंशन विद्युत कनेक्शन के लिए जरूरी अधोसंरचना का काम सीएसपीडीसीएल करेगा। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए टर्मिनल परिसर में कैफेटेरिया और रैन बसेरा विकसित करने की भी योजना है।
निरीक्षण के दौरान सूडा के सीईओ सुमित अग्रवाल, बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।