रायपुर में गांधी और शास्त्री जयंती के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की ओर से राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। बूढ़ापारा स्थित बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्यसभा सांसद और संस्था की प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की पत्रिका ‘प्रयास’ और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा यूनिसेफ द्वारा तैयार पुस्तक ‘तारुण्य वार्ता’ का विमोचन किया। इसके साथ ही संस्था की नई वेबसाइट का लोकार्पण भी किया गया। विभिन्न जिलों से पहुंचे स्काउट्स एवं गाइड्स को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश

शिक्षा मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचार तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा आज भी समाज का मार्गदर्शन करते हैं। सर्वधर्म प्रार्थना सभा सभी आस्थाओं के सम्मान और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स से जुड़े बच्चे और युवा सेवा, अनुशासन और सहयोग की भावना को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने स्काउट-गाइड के अनुशासन को जीवन में उतारने पर जोर देते हुए कहा कि स्वयं अनुशासित रहकर ही समाज को अनुशासन का संदेश दिया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से प्रकृति और पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील रहने तथा प्रत्येक स्काउट और गाइड से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि भारत की विविधता उसकी शक्ति है। विभिन्न आस्थाओं और परंपराओं के प्रति सम्मान सामाजिक सद्भाव और एकता का आधार है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से गांधीजी और शास्त्रीजी के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। सर्वधर्म प्रार्थना सभा में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं विचारों को याद करते हुए शांति, प्रेम, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने सर्वधर्म समभाव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष चंदू लाल साहू, औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चंद्राकर, राज्य केश शिल्पी बोर्ड के अध्यक्ष गौरी शंकर श्रीवास, विधायक मोती लाल साहू सहित विभिन्न निगम-मंडलों और आयोगों के अध्यक्ष तथा अन्य अतिथि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *