दिल्ली से पहुंचे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने तीन दिन बस्तर में बिताए, ग्रामीणों से किया संवाद और पर्यटन स्थलों का लिया जायजा रायपुर, बस्तर की बदलती तस्वीर अब सोशल मीडिया के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने की तैयारी है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिल्ली से छत्तीसगढ़ पहुंचे 41 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने तीन दिन बस्तर में बिताए और नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में हुए बदलाव को करीब से देखा। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत करने के साथ विकास कार्यों और पर्यटन की संभावनाओं को भी समझा। राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात के दौरान इन्फ्लुएंसर ने बस्तर के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि मीडिया के जरिए उन्हें बस्तर में नक्सलवाद के प्रभाव के कम होने और क्षेत्र में हो रहे विकास की जानकारी मिली थी। इसी बदलाव को अपनी आंखों से देखने के लिए वे बस्तर पहुंचे। उनका कहना था कि यहां शांति और सुकून का माहौल महसूस हुआ और प्राकृतिक सुंदरता ने खास तौर पर प्रभावित किया। इन्फ्लुएंसर ने बताया कि बस्तर में सड़कों और संपर्क सुविधाओं में सुधार दिखाई देता है। प्रभावित लोगों के पुनर्वास और रोजगार के लिए किए जा रहे प्रयास भी जमीन पर नजर आए। उन्होंने कहा कि बस्तर को लेकर जितने बदलाव की कल्पना की थी, उससे कहीं अधिक सकारात्मक परिवर्तन उन्हें देखने को मिला। अब वे इन अनुभवों को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए साझा करेंगे, ताकि बस्तर को लेकर बनी पुरानी धारणाएं दूर हों और ज्यादा लोग यहां घूमने आएं। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद का प्रभाव कम होने के बाद केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से विकास को गति मिली है। स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में काम हो रहा है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में विकास के साथ लोगों का विश्वास भी बढ़ रहा है और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर इस सकारात्मक बदलाव की कहानी देश-विदेश तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर के बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ा है और स्कूलों से जुड़ाव बेहतर हुआ है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना समेत विभिन्न योजनाओं के जरिए गांवों को सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। शहरों और पर्यटन स्थलों के विकास पर भी काम हो रहा है। राज्यपाल ने कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ने से विकास की रफ्तार और तेज होगी तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने बताया कि दिल्ली से आए 41 इन्फ्लुएंसर के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से पांच करोड़ से अधिक लोग जुड़े हैं। बस्तर में हुए बदलाव और विकास कार्यों को प्रत्यक्ष रूप से देखने के बाद वे अपने अनुभव सोशल मीडिया पर साझा करेंगे। इस दौरान राज्यपाल के सचिव सी.आर. प्रसन्ना समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *