सचिव मुकेश बंसल ने पुलों और राष्ट्रीय राजमार्गों के काम की समीक्षा की, देरी पर कार्रवाई की चेतावनी

रायपुर, बारिश का मौसम खत्म होने के साथ लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्यों को रफ्तार देने की तैयारी शुरू कर दी है। PWD सचिव मुकेश कुमार बंसल ने नवा रायपुर स्थित ‘निर्माण भवन’ में सेतु और राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के अधिकारियों व ठेकेदारों की बैठक लेकर प्रदेशभर में चल रहे और स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मार्च 2027 तक 100 पुलों का निर्माण पूरा कर उन्हें आवागमन के लिए खोलने का लक्ष्य दिया है।

बैठक में सचिव ने ठेकेदारों को कार्यस्थलों पर पर्याप्त निर्माण सामग्री, मशीनरी और श्रमिक उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद मिले कार्यशील मौसम का पूरा उपयोग किया जाए और निर्माणाधीन कार्यों के साथ स्वीकृत नए काम भी तेजी से शुरू किए जाएं।

काम की रफ्तार पर होगी सीधी निगरानी

मुकेश बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में आने वाली समस्याओं का जल्द समाधान कर कार्यस्थल ठेकेदारों को सौंपे जाएं, ताकि निर्माण में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि फील्ड में काम की नियमित और कड़ी मॉनिटरिंग की जाएगी। सचिव स्वयं भी निर्माण स्थलों का औचक निरीक्षण करेंगे।

उन्होंने कहा कि तय समयसीमा और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार काम नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंत तक निर्माण कार्यों में बेहतर भौतिक और वित्तीय प्रगति हासिल करने पर भी जोर दिया गया।

काम पूरा होते ही भुगतान और टेंडर क्लोज करने के निर्देश

सचिव ने निर्माण कार्य पूरे होने के बाद दस्तावेजीकरण, GST, सेटलमेंट और तकनीकी प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि ठेकेदारों का अंतिम भुगतान कर संबंधित टेंडर समय पर क्लोज किए जा सकें।

राष्ट्रीय राजमार्गों के नए प्रोजेक्ट को जल्द शुरू करने के लिए भू-अर्जन, वन व्यपवर्तन, यूटिलिटी शिफ्टिंग और पेड़ों की कटाई से जुड़ी प्रक्रियाओं में तेजी लाने को कहा गया। प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुके कार्यों की निविदा प्रक्रिया और कार्यादेश की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में अधिकारियों को फील्ड में मौजूद रहकर निर्माण कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए। कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ने को भी कहा गया।

समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सेतु परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एस.के. कोरी, राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप सहित दोनों परिक्षेत्रों के अधीक्षण अभियंता और कार्यपालन अभियंता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *