रायपुर,  भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत और कूटनीतिक प्रभाव के बीच वर्ष 2026 में BRICS की अध्यक्षता देश के लिए अहम अवसर बनकर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी अलग और मजबूत पहचान बनाई है। 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी भी इसी बढ़ते प्रभाव का संकेत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की BRICS अध्यक्षता से देश को वैश्विक मुद्दों पर अपनी प्राथमिकताएं रखने के साथ-साथ विकासशील देशों की चिंताओं को भी मजबूती से सामने रखने का अवसर मिलेगा। खास तौर पर ग्लोबल साउथ की आवाज को अंतरराष्ट्रीय मंच पर और प्रभावी बनाने में भारत की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।

भारत ने अपनी BRICS अध्यक्षता के लिए “Building Resilience, Innovation, Cooperation, and Sustainability” थीम तय की है। इसके जरिए वैश्विक सहयोग, नवाचार, सतत विकास और आपसी साझेदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।

साय ने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ लगातार स्पष्ट रुख अपनाता रहा है। इसके अलावा डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, वित्तीय समावेशन और तकनीक के इस्तेमाल से आम नागरिकों तक सुविधाएं पहुंचाने में भारत ने अपनी मजबूत क्षमता दिखाई है। BRICS देशों के बीच ऐसे अनुभवों को साझा करने से विकास के नए रास्ते खुल सकते हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक भारत की मजबूत होती अंतरराष्ट्रीय स्थिति का फायदा राज्यों को भी मिल सकता है। निवेश और तकनीक के साथ नवाचार और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ भी विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को BRICS की अध्यक्षता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत का नेतृत्व वैश्विक सहयोग और साझा विकास को नई दिशा देने के साथ ग्लोबल साउथ की आवाज को और मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *