रायपुर,  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन में आगे बढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। शिक्षक केवल बच्चों को किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा देने के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान एवं प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह में 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं बोर्ड और महाविद्यालयीन परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 42 मेधावी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर पहुंचाना है। आर्थिक स्थिति या संसाधनों की कमी किसी प्रतिभावान विद्यार्थी के सपनों में बाधा न बने, इसके लिए छात्रवृत्ति, शिक्षा ऋण और अन्य योजनाओं के जरिए सहयोग दिया जा रहा है।

बेमेतरा को मिली विकास कार्यों की सौगात

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बेमेतरा शहर में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम पंचायत तिवरिया में नवीन विद्युत सब-स्टेशन बनाने की भी घोषणा की गई।

“मोर गांव मोर पानी” अभियान के तहत जल संरक्षण और भू-जल स्तर सुधारने के लिए किए गए कार्यों के लिए बेमेतरा, बेरला और नवागढ़ जनपद पंचायतों को भी सम्मानित किया गया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि शिक्षक नई पीढ़ी को सही दिशा देकर समाज और राष्ट्र का भविष्य तैयार करते हैं। वहीं मंत्री दयाल दास बघेल ने शिक्षा के साथ संस्कार को भी जरूरी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *