रायपुर,  कवर्धा के भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना से जुड़े करीब 28 हजार शेयरधारी गन्ना किसानों को अब 30 रुपए प्रति किलो की रियायती दर पर 50 किलो शक्कर मिलेगी। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इसका शुभारंभ किया। किसानों को लगातार तीसरे साल यह सुविधा दी जा रही है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भोरमदेव शक्कर कारखाना किसानों का अपना कारखाना है और इसकी सफलता में किसानों की मेहनत और भागीदारी सबसे अहम है। इस वर्ष 4,686 नए किसानों को शेयरधारी बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि कारखाने ने वर्ष 2024-25 और 2025-26 में देश में सबसे अधिक शुगर रिकवरी हासिल की है। इसके लिए कारखाने को राष्ट्रीय स्तर पर एफिशिएंसी अवार्ड भी मिला है। शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि किसानों द्वारा तैयार किए गए गुणवत्तापूर्ण गन्ने और उनकी मेहनत का परिणाम है।

पेराई क्षमता बढ़ाने का लक्ष्य

पिछले वर्ष कारखाने में 2.55 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई हुई थी। इस साल इसे बढ़ाकर 4 लाख मीट्रिक टन करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही 10 हजार किसानों से गन्ना अनुबंध कराने की योजना है। उप मुख्यमंत्री ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कारखाने से जुड़ने की अपील की।

किसानों की सुविधा को देखते हुए कारखाना परिसर में डोम निर्माण की घोषणा भी की गई। वहीं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कवर्धा के किसानों की मेहनत ने छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने गन्ना उत्पादक किसानों के लिए सुविधाएं बढ़ाने और बोनस बढ़ाने के प्रयास का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *