एनआईटी रायपुर में यूथ कॉनक्लेव-कम-नेशनल कॉन्फ्रेंस का समापन, शोधपत्र, परियोजना प्रदर्शनी और हैकाथॉन के प्रतिभागी हुए सम्मानित रायपुर, विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होगी। देश को युवाओं की प्रतिभा, ज्ञान और सामर्थ्य से बड़ी उम्मीदें हैं। तकनीकी शिक्षा हासिल कर रहे युवाओं को अपने ज्ञान और नवाचार का उपयोग व्यक्तिगत सफलता के साथ समाज और राष्ट्र के विकास के लिए भी करना चाहिए। यह बात उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने एनआईटी रायपुर में आयोजित दो दिवसीय यूथ कॉनक्लेव-कम-नेशनल कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र में कही। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर और भारतीय राष्ट्रीय अभियांत्रिकी अकादमी (आईएनएई) के संयुक्त आयोजन में विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और वैज्ञानिकों ने तकनीकी शिक्षा, शोध और नवाचार से जुड़े विषयों पर चर्चा की। मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर काम कर रही है। युवाओं को अपनी योग्यता और क्षमता के दम पर आगे बढ़ने के साथ देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास करना चाहिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण आज की युवा पीढ़ी के भविष्य को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। आने वाले समय में देश की प्रगति और नेतृत्व की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर होगी। इसलिए उन्हें अभी से अपनी भूमिका समझते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्मेलन में हुए विचार-विमर्श और शोध से निकले सुझाव समाज और देश के विकास में उपयोगी साबित होंगे। समापन समारोह में उत्कृष्ट शोधपत्र प्रस्तुत करने वाले और परियोजना प्रदर्शनी व हैकाथॉन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आईआईटी भिलाई के निदेशक प्रो. राजीव प्रकाश, जवाहरलाल नेहरू एल्युमिनियम रिसर्च, डेवलपमेंट एंड डिजाइन सेंटर के निदेशक डॉ. रोहित कुमार गुप्ता सहित एनआईटी रायपुर के प्राध्यापक और अन्य विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *