रायपुर : नवा रायपुर अटल नगर में आवासीय सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी 25 अगस्त को सेक्टर-12 फेस-2 में 119.89 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित आवासीय परियोजना का भूमिपूजन एवं शिलान्यास करेंगे।
कार्यक्रम दोपहर 12 बजे आयोजित होगा। इसमें मंत्री गुरु खुशवंत साहेब विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की इस परियोजना के जरिए अलग-अलग आय वर्ग के लोगों को आधुनिक सुविधाओं वाले आवास उपलब्ध कराने की तैयारी है।
सेक्टर-12 फेस-2 में बनेंगे 348 भवन
सेक्टर-12 फेस-2 की शेष 29.20 एकड़ भूमि पर HIG और MIG श्रेणी के कुल 348 भवनों का निर्माण किया जाएगा। इन आवासों का बेस विक्रय मूल्य 45.70 लाख रुपये से 85.17 लाख रुपये तक निर्धारित किया गया है।
नवा रायपुर में बढ़ती आवासीय मांग को देखते हुए इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आधुनिक अधोसंरचना और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण सेक्टर-12 फेस-2 में आवास को लेकर नागरिकों की रुचि लगातार बढ़ रही है।
704 नए फ्लैट भी बनाए जाएंगे
सेक्टर-12 फेस-2 में आगामी चरण में 704 नए फ्लैट भी बनाए जाएंगे। इनमें 128 HIG, 320 MIG और 256 LIG श्रेणी के फ्लैट शामिल होंगे। इनका प्रस्तावित बेस विक्रय मूल्य 16.76 लाख रुपये से 40.47 लाख रुपये तक है।
इससे नवा रायपुर में अलग-अलग आय वर्ग के परिवारों के लिए आवास के नए विकल्प उपलब्ध होंगे।
सेक्टर-27 और 29 में पहले से विकसित हो चुकी आवासीय कॉलोनियां
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल नवा रायपुर में लंबे समय से चरणबद्ध तरीके से आवासीय परियोजनाएं विकसित कर रहा है। वर्ष 2007 में सेक्टर-27 में 154 एकड़ भूमि पर पहली आवासीय कॉलोनी शुरू की गई थी। यहां 2665 स्वतंत्र भवन एवं फ्लैट बनाकर वर्ष 2014 में आबंटियों को सौंपे गए।
इसके बाद वर्ष 2011 में सेक्टर-29 में 145 एकड़ भूमि पर दूसरी आवासीय कॉलोनी शुरू हुई। यहां 3012 स्वतंत्र भवन एवं फ्लैट का निर्माण पूरा कर वर्ष 2015 में आबंटियों को सौंपा गया।
PM आवास और मुख्यमंत्री आवास योजना से भी निर्माण
सेक्टर-16, 30 और 34 में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत कुल 4544 फ्लैट का निर्माण किया जा रहा है। इनमें 2312 EWS और 2232 LIG फ्लैट शामिल हैं। अब तक 1871 भवनों का आधिपत्य हितग्राहियों को सौंपा जा चुका है।
वहीं सेक्टर-12 फेस-1 में 40.06 एकड़ भूमि पर विकसित परियोजना में HIG और MIG श्रेणी के 450 स्वतंत्र भवनों का निर्माण पूरा कर आबंटियों को सौंपा जा चुका है।
आधुनिक सुविधाओं के कारण बढ़ रही आवासीय मांग
नवा रायपुर अटल नगर में आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी, स्वच्छ वातावरण, शिक्षा सुविधाओं और शासकीय एवं निजी कार्यालयों के विस्तार के चलते आवासीय मांग बढ़ रही है।
गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल का कहना है कि विभिन्न आय वर्गों के लिए गुणवत्तापूर्ण और सुव्यवस्थित आवास उपलब्ध कराने के साथ नवा रायपुर के सुनियोजित विकास को भी लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।