रायपुर : छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और कलाकारों को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के लिए प्रदेश के लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक कलाकार 31 अगस्त 2026 तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं।
इन विधाओं से जुड़े कलाकार कर सकते हैं आवेदन
योजना के तहत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीत लेखन, वाद्ययंत्र वादन, शिल्प कला, पारंपरिक छत्तीसगढ़ी पाक कला और छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजना होगा।
आवेदन प्रपत्र संस्कृति विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर स्थित कार्यालय से भी आवेदन प्रपत्र प्राप्त किया जा सकता है।
चयनित कलाकारों को 12 से 24 हजार रुपये तक प्रोत्साहन राशि
योजना के तहत पात्र कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य होगा। चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष न्यूनतम 12 हजार रुपये से अधिकतम 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से प्रदान की जाएगी। यह राशि एक वित्तीय वर्ष में एक बार दी जाएगी।
वार्षिक आय की सीमा 96 हजार रुपये
योजना का लाभ ऐसे कलाकारों को मिलेगा जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं है। आवेदन के साथ सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र लगाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड और पैन कार्ड की छायाप्रति भी प्रस्तुत करनी होगी।
इस पते पर भेजें आवेदन
संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय,
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर,
द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर,
अटल नगर (छत्तीसगढ़) – 492018
प्रविष्टियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन भेजते समय लिफाफे पर ‘मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026’ स्पष्ट रूप से अंकित करना आवश्यक है।
प्राप्त आवेदनों का परीक्षण समिति द्वारा किया जाएगा और समिति का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा। योजना के माध्यम से प्रदेश के लोक कलाकारों को आर्थिक सहयोग देने के साथ पारंपरिक कला एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।