रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं को नवाचार और उद्यमिता के लिए मंच देने के उद्देश्य से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में 28 से 30 सितंबर तक ‘छत्तीसगढ़ यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026’ आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय आयोजन में प्रदेशभर से करीब एक हजार युवा, विद्यार्थी, शोधार्थी, स्टार्टअप संस्थापक और उद्यमी शामिल होंगे।

कॉन्क्लेव का शुभारंभ 28 सितंबर को राज्यपाल रामेन डेका करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम और वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इसी दौरान छत्तीसगढ़ के पहले बायोटेक्नोलॉजी सेक्टर-केंद्रित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया जाएगा।

आयोजन में आईआईटी भिलाई, एनआईटी रायपुर, आईआईआईटी नवा रायपुर, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, छत्तीसगढ़ बायोटेक प्रमोशन सोसायटी और नाबार्ड सहयोगी संस्थाओं के रूप में शामिल हैं। कॉन्क्लेव में नवाचार एवं स्टार्टअप प्रदर्शनी, स्टार्टअप पिचिंग, विशेषज्ञों के व्याख्यान, निवेशक-स्टार्टअप संवाद, नीति संवाद और मेंटरशिप सत्र आयोजित होंगे।

कार्यक्रम में कृषि एवं एग्रीटेक, खाद्य प्रसंस्करण, जैव प्रौद्योगिकी, ग्रामीण उद्यमिता, डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण, जलवायु स्मार्ट तकनीक और फिनटेक जैसे क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी। उत्कृष्ट स्टार्टअप्स को भी सम्मानित किया जाएगा। शीर्ष तीन युवा नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स को क्रमशः एक लाख, 75 हजार और 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

कॉन्क्लेव का उद्देश्य युवाओं के नए विचारों और तकनीकी समाधानों को व्यावसायिक अवसरों से जोड़ना और प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करना है। आयोजन के जरिए युवाओं को विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों और संभावित निवेशकों के सामने अपने आइडिया प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

कॉन्क्लेव में शामिल होने के इच्छुक युवा छात्र और स्टार्टअप 25 सितंबर 2026 तक पंजीयन करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *