रायपुर,  केंद्रीय कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन की अध्यक्षता में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें केंद्र सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और केंद्रीय टास्क फोर्स से जुड़े विषयों की प्रगति पर चर्चा की गई।

छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने नया रायपुर स्थित मंत्रालय से बैठक में हिस्सा लिया। उन्होंने प्रदेश में चल रही प्रमुख केंद्रीय परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी। बैठक में राजमार्ग, रेलवे लाइन, पावर ट्रांसमिशन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष रूप से चर्चा हुई।

बैठक में केंद्रीय योजनाओं के तहत राज्यों को मिले फंड के समयबद्ध उपयोग पर भी जोर दिया गया। राज्यों को राशि का इस्तेमाल तय समय में करने और संबंधित उपयोगिता प्रमाण-पत्र केंद्र सरकार को जल्द भेजने के संबंध में चर्चा हुई।

इसके साथ ही प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में चल रहे काम की नियमित विभागीय समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया। केंद्रीय टास्क फोर्स से जुड़े विभिन्न विभागों के सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों ने राज्यों में अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति को लेकर मुख्य सचिवों के साथ जानकारी साझा की।

बैठक का मुख्य फोकस केंद्रीय योजनाओं और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति को गति देने, फंड के समय पर उपयोग और राज्यों-केंद्र के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *