रायपुर। गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले पुलिस अधिकारियों से उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जवानों के साहस, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। मुलाकात के दौरान अधिकारियों ने एकता नगर में परेड के अनुभव साझा किए। उप मुख्यमंत्री ने सभी जवानों के साथ भोजन भी किया। विजय शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस की भव्य परेड में छत्तीसगढ़ के जवानों की सहभागिता पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं परेड का सीधा प्रसारण देखा था। जब छत्तीसगढ़ के जवान पूरे आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ कदमताल करते नजर आए, तो वह दृश्य बेहद गौरवपूर्ण था। जवानों ने राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ के साहस, संघर्ष और बदलते बस्तर की नई पहचान प्रस्तुत की। उप मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस आत्मविश्वास और दृढ़ता के साथ बस्तर की बेटियों ने मार्च पास्ट किया, वह अद्भुत और प्रेरणादायक है। कभी नक्सल हिंसा और भय के लिए पहचाने जाने वाले क्षेत्रों की बेटियां आज पूरे देश के सामने अपने साहस और सामर्थ्य का प्रदर्शन कर रही हैं। यह बदलते बस्तर और नारी शक्ति की एक नई तस्वीर है। मुलाकात के दौरान अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के लिए उन्होंने लंबे समय तक कठिन अभ्यास किया था। देशभर के विभिन्न सुरक्षा बलों के साथ एक मंच पर प्रदर्शन करना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। जवानों ने कहा कि परेड के दौरान छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और एसटीएफ के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला। यह बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ वर्षों से जारी संघर्ष, जवानों के बलिदान और शांति की दिशा में मिली सफलता को देश के सामने रखने का गौरवपूर्ण क्षण था। विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सुरक्षा बलों ने कठिन परिस्थितियों में साहस और समर्पण के साथ नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी है। आज बस्तर भय और हिंसा के अतीत से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस बदलाव में सुरक्षा बलों के जवानों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में उनकी भागीदारी ने पूरे देश को छत्तीसगढ़ के पराक्रम और मजबूत संकल्प का संदेश दिया है। राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में डीएसपी बृज किशोर यादव ने संपूर्ण परेड के द्वितीय कमान अधिकारी की जिम्मेदारी निभाई। वे वर्तमान में बीजापुर जिले के कुटरू में एसडीओपी के पद पर पदस्थ हैं। डीएसपी जितेंद्र कुम्भकार आरक्षित टू-आईसी रहे। डीएसपी कुलदीप बंजारे ने डीआरजी की पुरुष टुकड़ी का नेतृत्व किया, जबकि शरद जायसवाल आरक्षित कमांडर रहे। वहीं डीएसपी अमृता पैकरा ने डीआरजी एवं बस्तर फाइटर्स की महिला टुकड़ी का नेतृत्व किया और कविता ध्रुवे आरक्षित महिला कमांडर रहीं। डीएसपी प्रवीण भारती एसटीएफ टुकड़ी के आरक्षित अधिकारी रहे। उप मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनका साहस और अनुशासन प्रदेश के पुलिसकर्मियों एवं युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *