मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में पारंपरिक वैद्यों के ज्ञान और उपचार पद्धतियों को संरक्षित करने के लिए जिला स्तरीय वैद्य सम्मेलन आयोजित किया गया। वनधन केंद्र गोदाम, मोहला में हुए इस सम्मेलन में जिले के 88 पारंपरिक वैद्यों ने हिस्सा लिया और अपने अनुभव साझा किए।

छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड की ओर से वैद्यों को औषधीय पौधों के संरक्षण और संवर्धन के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहयोग दिया जा रहा है। इसके तहत हर्बल गार्डन तैयार करने, जड़ी-बूटियों के प्रसंस्करण और पारंपरिक उपचार पद्धतियों के प्रमाणीकरण के लिए आर्थिक और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

सम्मेलन में वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार ने कहा कि वन, वनौषधि और पारंपरिक वैद्य एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। वनों का संरक्षण होने से ही औषधीय पौधों की उपलब्धता बनी रहेगी। उन्होंने वैद्यों से वन संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। इस पर सभी वैद्यों ने वन विभाग को सहयोग देने का संकल्प लिया।

औषधि पादप बोर्ड के कंसल्टेंट अमित गुप्ता ने बोर्ड की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि वैद्यों के लिए हीलर हर्बल गार्डन योजना संचालित की जा रही है। इसके साथ ही वैद्यों के गांवों के स्कूलों में भी हर्बल गार्डन विकसित करने और उनके रखरखाव के लिए सहायता दी जाएगी। वैद्यों की पारंपरिक उपचार पद्धतियों का क्यूसीआई (QCI) के माध्यम से प्रमाणीकरण कराया जाएगा। वहीं, जड़ी-बूटियों की पिसाई के लिए वैद्य समूहों को निःशुल्क पल्वराइजर मशीन भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ उज्ज्वल पोरवाल, सहायक आयुक्त संजय कुर्रे, औषधि पादप बोर्ड के अधिकारी और वैद्य संघ के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *