रायपुर : तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद दंतेवाड़ा बस स्टैंड से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा जिले के नक्सल हिंसा में शहीद हुए 211 वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के सहयोग से आज क्षेत्र में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा ऐसे इलाकों से गुजर रही है, जहां कभी नक्सल आतंक के कारण पहुंचना भी मुश्किल था। आज उन्हीं क्षेत्रों में पूरे गौरव के साथ तिरंगा लहराया जा रहा है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने तिरंगे को देश की आन, बान और शान का प्रतीक बताते हुए लोगों से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर में तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत किया जाए।
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उन क्षेत्रों से गुजर रही है, जहां कभी नक्सल आतंक के चलते आम लोगों का पहुंचना मुश्किल था और वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि अब इन इलाकों में विकास और राष्ट्रभक्ति का नया वातावरण दिखाई दे रहा है।
तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा के जरिए उन क्षेत्रों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है, जो लंबे समय तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे हैं। कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान बस्तर आईजी बद्रीनाथ मीणा, डीआईजी कमलोचन कश्यप, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, डीएफओ रामकृष्ण रंगनाथ वाय सहित बड़ी संख्या में आमजन भी उपस्थित रहे।