रायपुर, राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है। चौक के नाम में किसी तरह का परिवर्तन नहीं होगा और न ही उसके मूल स्वरूप के साथ कोई छेड़छाड़ की जाएगी। मुख्यमंत्री ने लोगों से इस संबंध में किसी भी तरह का भ्रम नहीं रखने की अपील की है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रदेश के 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रहेगा। इसे केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य चौक के नाम या मूल पहचान में बदलाव करना नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इस अवसर को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत प्रदेश में सेवा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 8 अक्टूबर को दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में वे शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की माताओं-बहनों के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दुर्ग जिले को इस अवसर पर विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सौगात भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के हर क्षेत्र और हर वर्ग के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।