रायपुर, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अंबिकापुर में सरगुजा और सूरजपुर जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय स्तर पर चल रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल और सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने के साथ अधिकारियों को अपने कार्यालयों की व्यवस्था और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से समझें और सक्रियता के साथ दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि शासन की योजनाओं का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंच सके।
नगरीय प्रशासन से जुड़े कार्यों की समीक्षा के दौरान अरुण साव ने नगरों में स्वच्छता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य तत्काल शुरू कराने और प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने सभी सीएमओ को अक्टूबर माह तक प्रगतिरत आवास निर्माण कार्य पूर्ण कराने को कहा। इसके अलावा मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), 15वें वित्त आयोग और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व संग्रहण की हर माह समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने भवनों, सड़कों, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बरसात के बाद सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आने वाला समय त्योहारों का है, इसलिए लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी रोकने, गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने और नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कार्ययोजना बनाकर समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने को कहा।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में जल जीवन मिशन सहित पेयजल योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई। उप मुख्यमंत्री ने पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के साथ पेयजल अधोसंरचनाओं के रखरखाव और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आम नागरिकों को निर्बाध पेयजल सुविधा मिल सके।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान अरुण साव ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाने और जिला पंचायत सीईओ तथा शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। स्कूलों के संकुलवार एक-एक पीटीआई को खेल गतिविधियों के संचालन के लिए चिन्हांकित करने को कहा। उन्होंने सरगुजा ओलंपिक के पंजीयन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, खेल संघों और खेल से जुड़े लोगों को अभियान से जोड़ने तथा अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सरगुजा जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, सूरजपुर जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले और अंबिकापुर नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।