रायपुर, पुराने बिजली बिलों के बकाये से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 की अवधि बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 कर दी है। राजनांदगांव क्षेत्र के चार जिलों में अब तक 65,062 उपभोक्ता योजना का लाभ उठा चुके हैं। इन उपभोक्ताओं को मूल बकाया राशि और अधिभार (सरचार्ज) में कुल 19 करोड़ 46 लाख रुपये की छूट दी गई है।
योजना का क्रियान्वयन राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में किया जा रहा है। इसके तहत बीपीएल, घरेलू और कृषि श्रेणी के पात्र उपभोक्ताओं को पुराने बिजली बिलों के बकाये का निपटारा करने पर निर्धारित प्रावधानों के अनुसार छूट दी जा रही है। अब तक लाभान्वित उपभोक्ताओं में 31,392 निष्क्रिय और 33,669 पात्र सक्रिय उपभोक्ता शामिल हैं।
योजना के तहत उपभोक्ताओं ने अब तक करीब 5 करोड़ 89 लाख रुपये की बकाया राशि बिजली कंपनी में जमा कराई है। इससे उपभोक्ताओं को पुराने आर्थिक बोझ से राहत मिलने के साथ बिजली कंपनी के राजस्व संग्रहण को भी गति मिली है। कंपनी का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और किसानों को पुराने बकाये से राहत देकर उन्हें सुचारू बिजली सेवा उपलब्ध कराना है।
राजनांदगांव क्षेत्र के सात विद्युत संभागों में योजना को लेकर उपभोक्ताओं की अच्छी भागीदारी सामने आई है। कवर्धा संभाग में 24,415, पंडरिया में 21,234, राजनांदगांव में 6,023, डोंगरगढ़ में 5,351, खैरागढ़ में 3,670, मोहला में 3,076 और डोंगरगांव संभाग में 1,293 उपभोक्ता योजना से लाभान्वित हो चुके हैं।
उपभोक्ताओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए राजनांदगांव क्षेत्र के 66 विद्युत वितरण केंद्रों और 3 जोनों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम के अनुसार विभागीय अधिकारी और कर्मचारी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर पात्रता, मिलने वाली छूट और बकाया निपटारे की प्रक्रिया के संबंध में उपभोक्ताओं को जागरूक कर रहे हैं।
बिजली कंपनी ने 31 मार्च 2023 से पहले के बकाया बिजली बिल वाले पात्र बीपीएल, घरेलू और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं से योजना का लाभ लेने की अपील की है। पात्र उपभोक्ता 31 दिसंबर 2026 तक अपने नजदीकी विद्युत वितरण केंद्र या जोन कार्यालय में संपर्क कर बकाया राशि का निपटारा कर सकते हैं। कंपनी ने उपभोक्ताओं से समय-सीमा का इंतजार न करते हुए जल्द योजना का लाभ उठाने की अपील की है।