रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पत्रकार निशा द्विवेदी द्वारा लिखित पुस्तक ‘महतारी वंदन अभिनंदन’ का विमोचन किया। दो भागों में प्रकाशित इस पुस्तक में महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं के अनुभवों और उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को संकलित किया गया है।

मुख्यमंत्री साय ने पुस्तक के प्रकाशन पर लेखिका को बधाई देते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना ने महिलाओं को नियमित आर्थिक संबल देने के साथ उनके आत्मविश्वास और परिवार के निर्णयों में भागीदारी को भी मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि योजना महिला सशक्तीकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है।

महिलाओं के जीवन में आए बदलावों का दस्तावेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन की राशि महिलाएं बच्चों की पढ़ाई, पोषण, स्वास्थ्य, घरेलू जरूरतों और बचत के लिए उपयोग कर रही हैं। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं में आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि किसी भी जनकल्याणकारी योजना की सफलता उसके लाभार्थियों के जीवन में दिखाई देने वाले बदलाव से तय होती है। ‘महतारी वंदन अभिनंदन’ में महिलाओं के वास्तविक अनुभवों को सामने लाने का प्रयास किया गया है, इसलिए यह पुस्तक योजना के सामाजिक प्रभाव का महत्वपूर्ण दस्तावेज है।

70 लाख महिलाओं को मिल रही सहायता

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप प्रदेश में महतारी वंदन योजना शुरू की गई है। इसके तहत करीब 70 लाख महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खातों में दी जा रही है। योजना की 30 किस्तों के माध्यम से अब तक 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास और आजीविका के क्षेत्र में भी लगातार काम कर रही है।

जमीनी अनुभवों को पुस्तक में किया गया संकलित

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि इसमें योजना से लाभान्वित महिलाओं के अनुभवों और भावनाओं को स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि लेखिका ने गांव-गांव जाकर महिलाओं से संवाद कर योजना के प्रभाव को समझने और उसे पुस्तक के रूप में संजोने का सार्थक प्रयास किया है।

लेखिका निशा द्विवेदी ने बताया कि पुस्तक के दोनों भागों में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की उन महिलाओं की कहानियां शामिल हैं, जिन्हें महतारी वंदन योजना से आर्थिक संबल मिला है। पुस्तक में यह भी दर्शाया गया है कि नियमित आर्थिक सहायता ने महिलाओं के आत्मविश्वास और आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता को किस तरह प्रभावित किया।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर महापौर मीनल चौबे, मुख्यमंत्री के सलाहकार कृष्णा दास, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, गौरी शंकर श्रीवास, शताब्दी पांडेय सहित महिला पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *