‘मन की बात’ की 140वीं कड़ी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ सुनी, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को अंबिकापुर के सरगंवा स्थित पुष्प वाटिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 140वीं कड़ी सुनी। इस दौरान उन्होंने सरगंवा में युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलकूद से जुड़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के जरिए देशभर में हो रहे नवाचारों, जनहित के कार्यों और प्रेरणादायी उपलब्धियों को सामने लाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में फिट इंडिया अभियान, खेलों, साइकिलिंग और नशामुक्त समाज के महत्व पर भी संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने डिजिटल सशक्तीकरण और उद्यमिता से जुड़े विषयों का उल्लेख करते हुए कहा कि आईगॉट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म सरकारी कर्मचारियों के कौशल विकास में मददगार है। वहीं संचार साथी पोर्टल मोबाइल सुरक्षा और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ा रहा है। प्रधानमंत्री ने स्थानीय उत्पादों और नए स्टार्टअप के जरिए स्वरोजगार की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के बस्तर पंडुम, कोरिया के जल संचय अभियान और ‘हर घर मुनगा’ जैसी पहलों को पहले ‘मन की बात’ में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को खेल, शिक्षा और कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने महतारी वंदन योजना और बस्तर में शांति एवं विकास के प्रयासों का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पुष्प वाटिका में रुद्राक्ष का पौधा लगाया। वहीं नागरिकों के लिए आयोजित स्वास्थ्य शिविर में जांच और गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की गई। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, रामसेवक पैकरा, अनुराग सिंहदेव, विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *