मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े करेंगी शुभारंभ, मातृ एवं शिशु पोषण की SBCC रणनीति का होगा विमोचन
रायपुर। गर्भवती महिलाओं और उनके परिवारों को बेहतर पोषण के प्रति जागरूक करने के लिए छत्तीसगढ़ में 30 नवंबर से मातृ पोषण जनसंचार अभियान शुरू किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अभियान का शुभारंभ करेंगी। इस दौरान मातृ एवं शिशु पोषण के लिए तैयार सामाजिक एवं व्यवहार परिवर्तन संचार (SBCC) रणनीति का विमोचन भी किया जाएगा।
इस अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व के प्रति जागरूक करना है। इसके तहत स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग पौष्टिक भोजन खरीदने में करने के लिए जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
राज्य स्तरीय SBCC रणनीति के माध्यम से समुदायों और परिवारों तक मातृ पोषण से जुड़े सरल एवं उपयोगी संदेश पहुंचाए जाएंगे। इससे गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को विविधतापूर्ण और संतुलित आहार उपलब्ध कराने के साथ मां और शिशु के बेहतर स्वास्थ्य को प्रोत्साहित किया जाएगा। अभियान में विभाग को तकनीकी सहयोग दे रही संस्था IPE Global भी सहभागी रहेगी।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रत्येक जिले की एक पर्यवेक्षक और एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का नामांकन किया जाएगा। राज्य स्तर पर चयनित पर्यवेक्षक और कार्यकर्ता को उनके बेहतर कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।