सेवा संकल्प अभियान के तहत पंजरी प्लांट स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। डिग्री कॉलेज रायगढ़ के छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा और देश से जुड़े विभिन्न विषयों पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दर्शक दीर्घा में बैठकर पूरी प्रस्तुति देखी और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।

नाट्य मंचन में सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने अभिनय के जरिए अलग-अलग परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच लिए गए निर्णयों तथा देश के विकास से जुड़े विषयों को प्रस्तुत किया। कोरोना महामारी के दौर सहित विभिन्न परिस्थितियों को भी नाट्य प्रस्तुति में शामिल किया गया। दर्शकों और अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना की।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। अभियान में 12 संकल्प और 25 सेवा कार्य शामिल किए गए हैं। इसके जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में नागरिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। युवाओं की ऊर्जा और रचनात्मकता समाज में सेवा और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत कर सकती है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ‘सेवा ही संकल्प’ को केंद्र में रखते हुए राष्ट्र निर्माण और सामाजिक दायित्व में युवाओं की भूमिका को भी मंच पर प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *