हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत में 120-120 पद, भर्ती परीक्षा 29 नवंबर को संभावित
रायपुर, छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में व्याख्याता के 854 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की 5 हजार शिक्षकीय पदों पर भर्ती की घोषणा के तहत विभाग ने व्याख्याता पदों के लिए विज्ञापन जारी करने की तैयारी की है।
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार 854 पदों में ई-संवर्ग की शालाओं में 424 और टी-संवर्ग की शालाओं में 430 पद शामिल हैं। विषयवार सबसे अधिक हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत के 120-120 पद हैं। इसके अलावा भौतिकी के 94, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र के 100-100 पदों पर भर्ती होगी।
29 नवंबर को संभावित है भर्ती परीक्षा
व्याख्याता पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) द्वारा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की संभावित तिथि 29 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन की तारीख और अन्य जानकारी CGSSB की ओर से अलग से जारी की जाएगी।
भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तों की विस्तृत जानकारी विज्ञापन में दी जाएगी। परीक्षा का पाठ्यक्रम CGSSB की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि विस्तृत भर्ती विज्ञापन व्यापम की वेबसाइट पर जारी होगा