रायपुर : छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने किया। राजधानी रायपुर में आयोजित इस कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासक, विशेषज्ञ, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, नामचीन खिलाड़ी और खेल संघों के पदाधिकारी शामिल हुए। कॉन्क्लेव का उद्देश्य राज्य में खेलों और खिलाड़ियों के लिए बेहतर इको-सिस्टम तैयार करना, खेल प्रतिभाओं को निखारना और खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने की रणनीति तैयार करना है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि खेलों के विकास से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिलेंगे और वे राज्य के लिए मजबूत मानव संसाधन के रूप में तैयार होंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संघों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही मौजूदा खेल अधोसंरचना का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने और खिलाड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
‘विजन टू विक्ट्री’ थीम पर आयोजित कॉन्क्लेव में नेतृत्व, खेल प्रोत्साहन और प्रतिभा खोज सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने चर्चा की। अरुण साव ने कहा कि इन चर्चाओं से प्राप्त सुझावों को राज्य में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने में लागू किया जाएगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने बताया कि कॉन्क्लेव से प्राप्त सुझावों को राज्य की नई खेल नीति में शामिल किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 150 करोड़ रुपये से अधिक के खेल अधोसंरचना निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।
कॉन्क्लेव में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच साबित हुए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव राज्य के खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, ओलंपियन जिन्सन जॉनसन, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया सहित खेल जगत से जुड़े कई विशेषज्ञ, अधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।