रायपुर : मुंगेली जिले में दिवंगत शिक्षक के पेंशन प्रकरण में लापरवाही बरतने पर शिक्षा विभाग के छह अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई है। लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

मामला शासकीय हाईस्कूल लाखासार में पदस्थ सहायक शिक्षक विज्ञान अंजनी त्रिपाठी से जुड़ा है, जिनका 25 सितंबर 2022 को सेवाकाल के दौरान निधन हो गया था। इसके बाद परिवार पेंशन और मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति उपादान से जुड़े प्रकरण की प्रक्रिया शुरू हुई।

जांच में सामने आया कि वर्ष 2018 में सहायक शिक्षक एलबी संवर्ग में संविलियन के बाद किए गए वेतन निर्धारण का सक्षम प्राधिकारी से समय पर परीक्षण और अनुमोदन नहीं कराया गया। देरी से अनुमोदन होने के चलते अधिक भुगतान की वसूली की स्थिति बनी। इसके अलावा लंबित पेंशन प्रकरण के संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय को गलत जानकारी भेजने की बात भी सामने आई।

कार्रवाई की जद में तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य राघवेन्द्र कुमार सोनी, प्रभारी प्राचार्य रघुनंदन सिंह राजपूत, सहायक ग्रेड-3 मोतीराम यादव, सहायक ग्रेड-2 त्रिवेणी ध्रुव, सहायक ग्रेड-3 अशोक ध्रुव और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पेंशन कक्ष प्रभारी एवं कनिष्ठ लेखा परीक्षक शत्रुघन कुलमित्र शामिल हैं।

निलंबन आदेश में संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों पर शासकीय दायित्वों के निर्वहन में नियमों की अनदेखी, गंभीर लापरवाही और कार्य में देरी का उल्लेख किया गया है। निलंबन अवधि में सभी का मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर का कार्यालय तय किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *