26 सितंबर को सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त सभी स्कूलों में रहेगा अवकाश

रायपुर, छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार, 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

अवकाश प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बन रही है। ऐसे में स्कूली बच्चों को घर से स्कूल आने-जाने में परेशानी और जोखिम का सामना न करना पड़े, इसे देखते हुए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री साय ने अभिभावकों से बच्चों को घर पर रखने और बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने को भी कहा है।

मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और सभी जिला कलेक्टरों को अवकाश के आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *