जशपुर : रक्षाबंधन के मौके पर जशपुर के पंडरीपानी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर क्षेत्र की महिलाओं ने राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने भी बहनों को उपहार देकर उनका सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कई विकास कार्यों की घोषणा की।

‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिलाओं से बातचीत की और उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण परिवार और समाज की तरक्की का आधार है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर देना है।

फरसाबहार और भेलवा में बनेंगे महतारी सदन

मुख्यमंत्री ने ग्राम पंडरीपानी में करीब 64 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें महतारी सदन भी शामिल है। इसके साथ ही उन्होंने फरसाबहार और भेलवा में नए महतारी सदन बनाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी सदन महिलाओं के लिए बैठक, प्रशिक्षण और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों का केंद्र बनेंगे। इससे महिला स्व-सहायता समूहों को अपने काम के विस्तार के लिए सुविधाजनक स्थान मिल सकेगा।

इसके अलावा मुख्य मार्ग से दानी मोड़ा बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए 3.23 करोड़ रुपए की स्वीकृति की जानकारी भी दी गई।

67 लाख से ज्यादा महिलाओं को मिली महतारी वंदन की किस्त

मुख्यमंत्री साय ने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। रक्षाबंधन को देखते हुए 67 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में योजना की 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस सिर्फ आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका के अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना भी है।

महिला समूहों को मिला आर्थिक सहयोग

कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों के विस्तार के लिए आर्थिक सहायता दी गई। मोंगरा, वैष्णवी और चांद स्व-सहायता समूहों को 1.50-1.50 लाख रुपए, जबकि प्रतिज्ञा समूह को 1 लाख रुपए की सहायता राशि का चेक दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महिला स्व-सहायता समूहों की अहम भूमिका है। इन समूहों के जरिए महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर अपनी आय बढ़ा रही हैं।

बेटियों और ग्रामीण परिवारों को भी मिली सौगात

कार्यक्रम में सुकन्या समृद्धि योजना के तहत मीनाक्षी यादव और श्रेया पैंकरा को खाता पासबुक दी गई। वहीं स्वामित्व योजना के तहत पांच हितग्राहियों को पट्टे वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के साथ ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का अधिकार दिलाना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

‘पूरे छत्तीसगढ़ की बहनों के विष्णु भैया हैं CM’

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने मुख्यमंत्री को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना और महतारी सदन जैसी पहल महिलाओं को मजबूत बनाने में मदद कर रही हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को ‘पूरे छत्तीसगढ़ की बहनों का विष्णु भैया’ बताते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए सरकार की योजनाओं का लाभ लगातार मिल रहा है।

कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *