राजनांदगांव। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने राजनांदगांव और डोंगरगांव क्षेत्र में सड़कों, पुलों, निर्माणाधीन कॉलेज भवन और विश्राम गृह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण करने और तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़क और पुल निर्माण की गुणवत्ता पर जोर
सचिव ने राजनांदगांव-अंबागढ़ चौकी मार्ग के फोरलेन चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने सड़क की चौड़ाई, ग्रेन्युलर सब-बेस (जीएसबी) की मोटाई, लेवल और मार्किंग की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। ग्राम पैरी नाला में निर्माणाधीन पुल के कार्यों की समीक्षा करते हुए नींव, पिलर और जल निकासी व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। सुखरी से दीवानभेड़ी तक निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता जांचने और कार्यों की वीडियोग्राफी सहित आवश्यक अभिलेख सुरक्षित रखने को भी कहा।
पुराने विश्राम गृह को कार्यालय के रूप में विकसित करने के निर्देश
डोंगरगांव स्थित पुराने विश्राम गृह का निरीक्षण कर सचिव ने मुख्य भवन को लोक निर्माण विभाग के कार्यालय के रूप में विकसित करने तथा उपयोग योग्य अन्य भवनों की मरम्मत कर उन्हें कार्यालय और भंडारण कक्ष के रूप में इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, समतलीकरण और आवश्यक सुधार कार्य 15 से 20 दिनों के भीतर पूरा करने को कहा। साथ ही सड़क की मरम्मत, सेंटर लाइन, रोड मार्किंग और डिवाइडर के रंग-रोगन पर भी जोर दिया।
कॉलेज भवन में गुणवत्ता और दिव्यांगजनों की सुविधा पर ध्यान
डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम अर्जुनी में निर्माणाधीन शासकीय महाविद्यालय भवन का निरीक्षण करते हुए सचिव ने करीब 10 एकड़ भूमि का सीमांकन कर सीमा पर पिलर स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि शासकीय जमीन अतिक्रमण से सुरक्षित रहे। उन्होंने भवन में फ्लोरिंग, प्लास्टर और अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की। साथ ही मुख्य प्रवेश द्वार पर सुगम आवागमन, दिव्यांगजनों के लिए रैंप और वर्षा जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश
मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और तकनीकी खामियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे होने चाहिए और लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अभियंता और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।