रायपुर : छत्तीसगढ़ में खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों के लिए राज्य खेल अलंकरणों की सूची जारी कर दी गई है। वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 82 लोगों का चयन पुरस्कार और सम्मान के लिए किया गया है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए 5 दलों के 43 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ियों और खेल से जुड़े लोगों को 29 अगस्त यानी राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।
29 अगस्त को रायपुर में होगा सम्मान समारोह
राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर चयनित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव करेंगे।
इन खेल पुरस्कारों से किया जाएगा सम्मानित
समारोह में शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान और शहीद विनोद चौबे सम्मान के लिए चयनित खिलाड़ियों और खेल से जुड़े लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए चयनित 5 दलों के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भी पुरस्कार दिया जाएगा।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर होने वाले इस आयोजन में प्रदेश के खेल प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके प्रदर्शन और योगदान को प्रोत्साहित किया जाएगा।