रायपुर, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने अपने दुर्ग प्रवास के दौरान दुर्ग स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने सेंटर में संकटग्रस्त महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री ने महिलाओं के लिए संचालित काउंसलिंग, कानूनी सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें सेंटर में दर्ज मामलों और महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता के बारे में जानकारी दी।

सावित्री ठाकुर ने निर्देश दिए कि संकटग्रस्त महिलाओं को समय पर सुरक्षा, अस्थायी आश्रय, कानूनी सहायता और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने सेंटर में संचालित परामर्श, विधिक सहायता, चिकित्सा सहायता और पुलिस सहायता जैसी व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।

उन्होंने सेंटर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए स्टाफ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। सखी वन स्टॉप सेंटर में घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद और अन्य समस्याओं से प्रभावित महिलाओं को आवश्यक परामर्श एवं सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास अधिकारी अशोक शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय साहू सहित वन स्टॉप सेंटर के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *