रायपुर, सरायपाली में विकास कार्यों को लेकर बड़ा ऐलान हुआ है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नई मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में करीब 175 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें पेयजल, सामुदायिक भवन, अधोसंरचना, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और अमृत मिशन 2.0 से जुड़े काम शामिल हैं। इसके साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की गई।
कार्यक्रम में सरायपाली नगर पालिका क्षेत्र के लिए 23 करोड़ 28 लाख 61 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 154 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत वाले कार्यों का भूमिपूजन हुआ। जल जीवन मिशन के तहत 24 गांवों में पेयजल सुविधा से जुड़े 1818.61 लाख रुपये के काम और विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवन व अन्य निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।
पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अमृत मिशन 2.0 के तहत 139.55 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा 10.21 करोड़ रुपये की लागत से एसटीपी निर्माण और करीब 5.12 करोड़ रुपये के अन्य विकास एवं निर्माण कार्य भी इसमें शामिल हैं। इन योजनाओं से शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल तथा बुनियादी सुविधाओं को विस्तार मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि सरकार विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कामों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों का भूमिपूजन किया जा रहा है, उन्हें समय पर पूरा कर जनता को उनका लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सरायपाली के विकास के लिए राशि की कमी नहीं होने की बात कही और सांसद रूपकुमारी चौधरी की मांग पर क्षेत्र के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
विधायक चातुरी नंद ने अमृत मिशन 2.0 की स्वीकृति को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि महानदी का पानी घर-घर पहुंचने से बड़ी संख्या में परिवारों को लाभ मिलेगा। सांसद रूपकुमारी चौधरी ने भी क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए सरायपाली की लंबे समय से चली आ रही रेल लाइन की मांग की दिशा में सर्वे शुरू होने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक, राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती चंद्र, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।