रायपुर : लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय पर पूर्णता विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में बंसल ने अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर कार्य करने तथा प्राक्कलन से लेकर निविदा प्रक्रिया तक सभी काम तेजी से पूरा करने को कहा। उन्होंने नए सड़कों और पुलों के प्रस्ताव तैयार करते समय भविष्य की जरूरतों और बढ़ते यातायात को ध्यान में रखने के निर्देश दिए।
सप्ताह में दो दिन फील्ड में रहेंगे अधिकारी
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अपने-अपने जिले के कलेक्टरों के साथ बेहतर समन्वय रखने को कहा, ताकि निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं का जल्द निराकरण हो सके। उन्होंने मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण और मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ठेकेदारों के कार्यों पर लगातार नजर रखने और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित कराने को कहा। सड़कों और भवनों के निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश देते हुए उन्होंने मजबूत और टिकाऊ निर्माण पर जोर दिया।
अक्टूबर तक शुरू हों नए स्वीकृत कार्य
बंसल ने ऐसे नए कार्य, जिनकी निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर तक शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम शुरू होने के बाद उसकी गति और गुणवत्ता दोनों पर लगातार निगरानी रखी जाए।
उन्होंने सड़कों और पुलों के रखरखाव को भी प्राथमिकता देने को कहा। बरसात के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि सड़कें साफ-सुथरी, सुंदर और व्यवस्थित दिखाई देनी चाहिए।
भूमि नामांतरण की प्रक्रिया एक माह में पूरी करने के निर्देश
बैठक में सचिव ने कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को एसडीएम से समन्वय कर विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि के नामांतरण की जांच करने को कहा। उन्होंने भू-अर्जन से जुड़े नए और पुराने प्रकरणों में नामांतरण की कार्यवाही एक माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों को तत्काल संबंधित विभागों को हैंडओवर करने को भी कहा, ताकि निर्मित परिसंपत्तियों का समय पर उपयोग शुरू किया जा सके।
विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों के रखरखाव पर भी जोर
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने विभाग के विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों के संचालन एवं रखरखाव की भी समीक्षा की। उन्होंने भवनों में बेहतर साफ-सफाई और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के साथ पूरे परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, उप सचिव अंशिका पाण्डेय, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे एवं जी.एस. मंडावी सहित अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी मौजूद रहे।