रायपुर, राजधानी रायपुर में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रक्तदान महाकुंभ में बड़ी संख्या में महिलाओं ने रक्तदान किया। एक ही दिन में 1000 से अधिक महिलाओं के रक्तदान की पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। आयोजन के लिए 3600 से अधिक महिलाओं ने पंजीयन कराया था और रक्तदान के लिए 200 बेड की व्यवस्था की गई थी।
सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने रक्तदान करने वाले लोगों की सराहना करते हुए कहा कि रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है। कार्यक्रम में करीब 2500 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया था।
31 लोगों ने लिया देहदान का संकल्प
कार्यक्रम में प्रोजेक्ट दधीचि के तहत 31 लोगों ने देहदान का संकल्प भी लिया। इनमें पद्मश्री और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा भी शामिल रहे। आयोजन के दौरान बताया गया कि प्रोजेक्ट दधीचि के तहत अब तक 103 लोग देहदान का संकल्प ले चुके हैं। इसके साथ ही अंगदान को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहदान चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए उपयोगी है, जबकि अंगदान किसी जरूरतमंद को जीवन का नया अवसर दे सकता है। सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान, स्वास्थ्य जांच के अलावा जरूरतमंद बच्चों के लिए पुस्तक, खिलौने और स्टेशनरी एकत्र करने की पहल भी की गई।
आयुर्वेद को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने पर जोर
कार्यक्रम में आयुर्वेद सेवा सम्मेलन भी आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आयुर्वेद को भारत की प्राचीन चिकित्सा परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा जैसी भारतीय पद्धतियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ आयुर्वेद और योग-नेचुरोपैथी के क्षेत्र में भी काम हो रहा है। चार नए योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल विकसित किए जा रहे हैं। रायपुर में एनआईटी के सामने 100 बिस्तरीय आयुर्वेदिक अस्पताल तैयार किया जा रहा है, जबकि बिलासपुर में नए आयुर्वेदिक अस्पताल का निर्माण चल रहा है।
सेवा संकल्प अभियान में स्वास्थ्य से लेकर बच्चों तक की पहल
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। कार्यक्रम स्थल पर आयुर्वेद से जुड़े स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को विभिन्न गतिविधियों और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई। वहीं बुक, टॉय और स्टेशनरी कलेक्शन के जरिए जरूरतमंद बच्चों तक अध्ययन सामग्री और अन्य उपयोगी सामान पहुंचाने की पहल की गई।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, अनुज शर्मा, प्रबोध मिंज समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।