रायपुर : लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने नवा रायपुर स्थित ‘निर्माण भवन’ में रायपुर परिक्षेत्र के सड़क और भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने वर्ष 2024-25 तक के सभी प्रगतिरत कार्यों को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तय समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में स्वीकृत, निर्माणाधीन और निविदा प्रक्रिया में चल रहे कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई। सचिव ने कहा कि काम में लापरवाही या देरी करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। निर्धारित समय पर काम नहीं करने और गुणवत्ताहीन निर्माण करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट कर आगामी निविदाओं से भी बाहर करने के निर्देश दिए गए।

साइट देखने के बाद ही तैयार हों प्राक्कलन

सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों के प्राक्कलन तैयार करने से पहले संबंधित स्थल का फील्ड निरीक्षण जरूर किया जाए। मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता को हर महीने कार्यपालन अभियंताओं के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा करने को कहा गया।

उन्होंने ठेकेदारों के नियमित भुगतान पर भी जोर दिया और किए गए कार्यों का मूल्यांकन कर हर महीने भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्य पूरे होने के तीन महीने के भीतर फाइनल बिल तैयार करने के लिए एसओपी बनाने को भी कहा गया।

मानसून में सड़कों की मरम्मत पर जोर

बारिश के मौसम को देखते हुए सचिव ने सड़कों की पेच रिपेयरिंग और गड्ढों को भरने का काम तत्काल कराने के निर्देश दिए। परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत भी ठेकेदारों से नोटिस देकर सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा PWD-IMS में सभी कार्यों की एंट्री 31 अगस्त तक पूरी करने और वित्तीय वर्ष 2025-26 व 2026-27 के प्राथमिकता वाले नए कार्यों के प्राक्कलन भी निर्धारित समय में जमा करने के निर्देश दिए गए।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *