17 सितंबर की शाम हर घर में जलाएं ‘आशीर्वाद का दीया’, सेवा और जनकल्याण से जुड़ने की अपील

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति में सेवा और सहयोग की भावना हमेशा से रही है। ऐसे में अभियान को जनभागीदारी का बड़ा उत्सव बनाने के लिए हर वर्ग को आगे आना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपने गांव, शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की मदद और जनसेवा से जुड़े कार्यों में सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का छोटा प्रयास भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है।

17 सितंबर को हर घर में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि शाम 7 बजे हर परिवार अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाए और आसपास के लाभार्थी परिवारों को भी इस पहल से जोड़े।

साय ने कहा कि यह दीया प्रधानमंत्री के स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की शुभकामनाओं के साथ सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक बने। उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान के दौरान अपनी क्षमता के अनुसार सेवा का कोई न कोई कार्य करने की अपील की।

विकसित छत्तीसगढ़ के लिए जनभागीदारी जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब कल्याण, आवास, पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं के विस्तार से लोगों के जीवन में बदलाव आया है। विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब गांव, शहर और हर परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के जरिए छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी और मजबूत कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *