4078145881738806504
14271021545470334915
ब्रेकिंग न्यूज़

रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत देशभर में युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी कड़ी में अंबिकापुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया।

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किए गए इस अभियान के राष्ट्रीय शुभारंभ के अवसर पर देशभर के एक करोड़ से अधिक युवाओं ने नशामुक्त भारत का संकल्प लिया। यह अभियान आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को संचालित किया जाएगा।

नशामुक्ति अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

अंबिकापुर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय संबोधन के सीधा प्रसारण से हुई। इसके बाद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह अभियान केवल नशामुक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का एक बड़ा जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और उनकी सकारात्मक सोच व स्वस्थ जीवनशैली विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूत करेगी।

युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की अपील

मंत्री राजेश अग्रवाल ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने जीवन का लक्ष्य तय कर पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ और नशामुक्त युवा ही परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में बेहतर योगदान दे सकते हैं।

युवा निभाएं जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी

कलेक्टर अजीत बसंत ने कहा कि ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ एक देशव्यापी जनजागरण अभियान है, जिसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, महापौर मंजूषा भगत और उपसभापति हरमंदिर सिंह टिन्नी ने भी युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने की अपील की।

युवाओं को दिलाया गया सामूहिक संकल्प

कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने, जनजागरूकता फैलाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, जिला युवा अधिकारी प्रिंस सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *